जामगाँव-आर।शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगाँव-आर के बॉटनिकल गार्डन में इको क्लब के तत्वावधान में औषधीय पौधों का रोपण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिखा अग्रवाल के कुशल निर्देशन में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर इको क्लब द्वारा पुदीना, हल्दी, केवड़ा सहित अन्य महत्वपूर्ण औषधीय पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में इको क्लब के प्रभारी डॉ. संतोष कुमार पांडेय के साथ सहायक प्राध्यापक रजनीश तिवारी, श्रीमती नीता कुंभारी, डॉ. आबिद हसन खान, मनोज कुमार, मुकेश कटौतिया एवं महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिखा अग्रवाल ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए औषधीय पौधों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुदीना, हल्दी जैसे पौधे न केवल स्वास्थ्यवर्धक हैं बल्कि पर्यावरण संतुलन में भी सहायक हैं। इनका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है।
इको क्लब के प्रभारी डॉ. संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि बॉटनिकल गार्डन में रोपित इन आयुर्वेदिक पौधों का शैक्षणिक दृष्टि से विशेष महत्व है। वनस्पति विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षाओं में विद्यार्थियों से इन पौधों की पहचान, उनके वानस्पतिक नाम एवं औषधीय उपयोग के संबंध में प्रश्न पूछे जाते हैं। इससे छात्रों को प्रत्यक्ष अध्ययन का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों ने रोपित पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। महाविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण हेतु ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।






