पंडरिया-तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ व पर्यावरण संरक्षण समिति के मोहन राजपूत सहित सदस्यों ने विधायक भावना बोहरा,कलेक्टर कार्यालय व जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौपकर पौधारोपण करने व जल संरक्षण के लिए निर्देशित करने की मांग की है।उन्होंने ज्ञापन में बताया है कि क्षेत्र में अनवरत रूप से वृक्षों की कटाई के चलते ब्लाक सहित जिले के भूजल स्तर लगातार नीचे गिरते जा रहा है।सभी नदी-नाले सूख गए हैं।जिसके परिणामस्वरूप वर्तमान में 80 प्रतिशत से अधिक गांवों, विद्यालय सहित सरकारी संस्थाओं के हैंडपम्प बन्द पड़े हैं,वहीं मोटर पम्प भी काम नहीं कर रहे हैं।बताया गया कि क्षेत्र में प्रति वर्ष यह समस्या बढ़ती जा रही है।समय रहते इसका उपाय नहीं करने पर आने वाले वर्षों में लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ेगा।
उन्होंने ब्लाक सहित जिले के सभी शासकीय संस्थाओं में प्रत्येक कर्मचारियों से एक-एक पौधा सुरक्षा के साथ पौधारोपण करने,राशन वितरण सहित अनेक योजना के लाभार्थियों से पौधारोपण हेतु सभी विभागों को निर्देशित करने तथा परिसर के ढलान वाले क्षेत्रों में सोखता गड्ढा बनवाने हेतु निर्देशित करने की मांग की है ,जिससे क्षेत्र में बढ़ते तापमान को नियंत्रित कर भूजल स्तर में सुधार किया जा सके।पर्यावरण संरक्षण समिति ने इस मानसून में सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देने की अपील की है।
जलसंकट से जूझ रहा क्षेत्र-नगर सहित ब्लाक के बहुत से गांव इन दिनों निस्तारी सहित पेयजल संकट से जूझ रहा है।ब्लाक के डबरी,नरौली,महली,सूरजपुरा, नवागांव,नानापुरी,कोड़ापुरी,महका,बघर्रा,सहित दर्जन भर से अधिक गांव ड्राई क्षेत्र हैं।इसके अलावा इन दिनों अधिकतर गांव में कुछ बोरवेल के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति बनी हुई है।







