बेरला/बेमेतरा। छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज एवं छत्तीसगढ़ सर्व समाज महासंघ द्वारा मंगलवार को राजयपाल के नाम कलेक्टर रणबीर शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। गौरतलब हो कि बीते वर्ष 2023 मे स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना लागु किया गया था। जिसका नाम परिवर्तन करते हुए वर्तमान सरकार द्वारा जून 2024 मे शहीद वीरनारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना कर दिया गया है।

उक्त ज्ञापन मे उल्लेखित है कि निसंदेह शहीद विरनारायण सिँह प्रदेश के गौरव हैं एवं समस्त प्रदेश वासियों के लिए सदैव वंदनीय है किन्तु डॉ. खूबचंद बघेल सपत्नीक जेल यात्रा करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पूर्व विधायक, पूर्व राजयसभा सांसद, समाजसेवी साथ ही प्रदेश के बहुसंख्यक छतीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के आदर्श व पुरोधा पुरुष, समाज व प्रदेश वासियों के अटूट आस्था के पर्याय हैं तथा छत्तीसगढ़ राज्य के प्रथम स्वप्न दृष्टा माने जाते हैं।
तत्कालीन सरकार ने आयुष्मान योजना, संजीवनी सहायता कोष, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री बाल श्रवण योजना को शामिल करते हए डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना (डीकेबीएसएसवाय) प्रारंभ की गई थी जिस योजनांतर्गत फेफडे, यकृत, हृदय रोग, अग्नाशय, किडनी, न्यूरोसर्जरी के अलावा बच्चों में होने वाले बाल कैंसर रोगों के इलाज हेतु बीपीएल कार्डधारकों के लिए रु. 5 लाख एवं अन्य कार्डधारकों के लिए रु.50 हजार तक निःशुल्क चिकित्सा का प्रावधान है।
उक्त योजना के नाम परिवर्तन संबंधी वर्तमान सरकार द्वारा लिये गए इस निर्णय से छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, चहुँ ओर रोष व्याप्त है, समाज के प्रतिनिधि, डॉ. साहब के पदचिन्हों का अनुसरण करते हुए समाज, शासन-प्रशासन के महत्वपूर्ण पदों पर अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए प्रदेश के विकास में निरंतर योगदान देते आ रहे हैं।
समाज अपने आदर्श महान पुरोधा पुरूष के अपमान से आहत है, परिणामस्वरूप कोई आंदोलनात्मक, आक्रामक कदम अख्तियार करने बाध्य न होना पड़े तथा स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा, प्रदेश में सामाजिक समरसता बरकरार रखने के उद्देश्य से प्रदेश के बहुसंख्यक समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना का नाम यथावत रखने बाबत अनुरोध-पत्र सह ज्ञापन दिया गया।
इस दौरान छतीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज केंद्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. के. के. नायक, चंद्रशेखर परगनिहा छतीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज धमधा राज प्रधान धमधा राज, उपराज प्रधान शिवा चंद्रवंशी, युवा अध्यक्ष प्रहलाद वर्मा, बेमेतरा नगर प्रमुख बलदाऊ प्रसाद बंछोर , रवि परगनिहा आदि मौजूद रहे।





