जामगांव आर । शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर में महाविद्यालयीन यूथ रेडक्रॉस सोसायटी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन के संयुक्त तत्वावधान में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एक दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के उद्घाटन सत्र में प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने अनियमित जीवनशैली, कैरियर एवं प्रतिस्पर्धा के तनाव में मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर चुनौती बताया। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ कु. निशिका यादव ने अपने व्याख्यान में मानसिक रोग की पहचान, कारण एवं उपचार के बारे में बताया, उन्होंने मानसिक अवसाद की स्थिति में अपने निकटतम व्यक्ति से चर्चा करने एवं मानसिक स्वास्थ्य की समस्या को गंभीरता से लेने की सलाह दी। लगातार मानसिक अवसाद होने पर मनोरोग विशेषज्ञ से परामर्श की बात कही। यूथ रेडक्रॉस प्रभारी डॉ. एस. के. पांडेय ने बताया कि शिविर में सौ से ज्यादा विद्यार्थियों ने भाग लिया एवं सामाजिक, आर्थिक एवं परीक्षा के समय मानसिक स्वास्थ्य प्रबंधन पर जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। किसी मानसिक समस्या के लिए टेली मानस टोल फ्री नंबर 14416′ के बारे में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भनसुली-आर से श्रीमती नेहा देशलहरे, श्री के. एस. तिवारी, श्री उत्तम मधुकर एवं महाविद्यालय के शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहे।







