पाटन। स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय जामगांव एम. में 31 अगस्त 2026 को मानसिक गणित (Mental Maths) कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला का संचालन देश की प्रसिद्ध गणितज्ञ डॉ. श्रद्धा राव द्वारा किया जाएगा।

विद्यालय की प्राचार्या सुश्री सोनाली सेन ने बताया कि कार्यशाला में कक्षा 3 से 8वीं तक के विद्यार्थी शामिल होंगे। कार्यक्रम में पाटन के विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री डालेंद्र देवांगन तथा समग्र शिक्षा दुर्ग की एडीपीओ श्रीमती हेमलता बंजारे भी उपस्थित रहेंगी।

विद्यालय में इस तरह की कार्यशाला का आयोजन दूसरी बार किया जा रहा है। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के मन से गणित विषय के डर को दूर करना तथा इसे सरल एवं रुचिकर बनाना है। वैदिक गणित के विभिन्न सूत्रों और मानसिक गणना की तकनीकों के माध्यम से बच्चों को कम समय में गणना करने के आसान तरीके बताए जाएंगे।

विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन से विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ेगा तथा वे गणितीय सवालों को आसानी से हल करने में सक्षम होंगे।




