कृषि महाविद्यालय मर्रा में गूंजा आयुर्वेद का संदेश; ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पाटन।संत विनोबा भावे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, मर्रा  में सोमवार, 21 सितंबर 2026 को “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद (Ayurved for Healthier Tomorrow)” विषय ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आयुर्वेद, स्वस्थ जीवनशैली एवं स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा दैनिक जीवन में स्वास्थ्यवर्धक आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार वर्मा द्वारा की गई। इस अवसर पर डॉ. अनीता साहू, चिकित्सा अधिकारी (आयुर्वेद ), आरोग्य मंदिर, ग्राम मर्रा ने महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं को आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने के लिए उचित खान-पान, नियमित दिनचर्या, शारीरिक सक्रियता, व्यक्तिगत स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। दैनिक जीवन में स्वस्थ आदतों को अपनाने तथा बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार वर्मा ने बताया की स्वास्थ्य केवल बीमारी से मुक्त रहने का नाम नहीं है, बल्कि शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से संतुलित जीवन जीना भी स्वस्थ जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आयुर्वेद में वर्णित जीवनशैली एवं स्वास्थ्य संबंधी सिद्धांतों को व्यवहार में अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन को अधिक स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित बना सकता है। इस प्रकार का जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बिखेरने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस अवसर में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं अधिक संख्या में विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।