MI vs RCB: 6,4,6,4…आखिरी चार गेंदों पर पलटा मैच, डीक्लार्क ने उड़ाईं मुंबई की धज्जियां; आरसीबी की पहली जीत

Wpl 2026 महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के चौथे संस्करण का आगाज बेहद रोमांचक अंदाज में हुआ। शुक्रवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए उद्घाटन मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गत विजेता मुंबई इंडियंस (एमआई) को तीन विकेट से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने सजीवन सजना और निकोला कैरी के बीच हुई 82 रनों की अहम साझेदारी के दम पर 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 154 रन बनाए। जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने नादिन डी क्लार्क की 63 रनों की नाबाद और मैच जिताऊ पारी के सहारे सात विकेट पर 157 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

नादिन डी क्लार्क ने आखिरी चार गेंदों में पलटा मैच, आरसीबी का जीत से आगाज
155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत तेज रही, लेकिन मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने समय-समय पर विकेट निकालकर मुकाबले को रोचक बनाए रखा। हालांकि, अंत में नादिन डी क्लार्क की शानदार नाबाद पारी ने आरसीबी को जीत तक पहुंचा दिया। आरसीबी को पहला झटका 4.6 ओवर में लगा, जब ग्रेस हैरिस (25 रन) को नेट शीवर-ब्रंट ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद कप्तान स्मृति मंधाना (18 रन) 3.5 ओवर में शबनिम इस्माइल की गेंद पर आउट हुईं। पावरप्ले में दो विकेट गिरने से आरसीबी पर दबाव बना। तीसरा विकेट सातवें ओवर में गिरा, जब दयालन हेमलता (7 रन) को अमनजोत कौर ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद राधा यादव (1 रन) भी 7.1 ओवर में अमेलिया केर की गेंद पर पवेलियन लौट गईं। आठ ओवर से पहले चार विकेट गिरने के बाद आरसीबी मुश्किल में दिख रही थी।

इसके बाद विकेटकीपर ऋचा घोष (6 रन) ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी 7.4 ओवर में निकोला कैरी की गेंद पर आउट हो गईं। 65 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद आरसीबी की हार लगभग तय मानी जा रही थी। मिडिल ऑर्डर में अरुंधति रेड्डी (20 रन) ने नादिन डी क्लार्क का अच्छा साथ दिया, लेकिन वह 16.1 ओवर में निकोला कैरी की गेंद पर आउट हो गईं। इसके बाद श्रेयंका पाटिल (1 रन) भी 17वें ओवर में कैरी का दूसरा शिकार बनीं। एक छोर पर नादिन डी क्लार्क डटी रहीं। उन्होंने 44 गेंदों पर 63 रनों की नाबाद पारी खेली। इस पारी में क्लार्क सात चौके और दो छक्के लगाए। अंतिम ओवर में 18 रनों की जरूरत थी, जहां डी क्लार्क ने नेट सिवर-ब्रंट की गेंदों पर दो चौके और दो छक्के जड़कर मुकाबला आरसीबी के नाम कर दिया।

आखिरी ओवर की गेंद-दर-गेंद कहानी

  • पहली गेंद: डॉट बॉल
  • दूसरी गेंद: डॉट बॉल
  • तीसरी गेंद: छक्का
  • चौथी गेंद: चौका
  • पांचवीं गेंद: छक्का
  • छठी गेंद: चौका

नादिन डी क्लार्क ने आखिरी चार गेंदों पर दो छक्के और दो चौके जड़कर मैच का रुख पलट दिया।