पंडरिया।ब्लाक के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला डोमसरा में बच्चों को भारतीय संस्कृति से परिचित कराने और उनमें उत्साह का संचार करने के उद्देश्य से मां दुर्गा के नौ रूपों की आकर्षक झांकी एवं गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया।विद्यालय परिसर में आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में नन्हें-मुन्ने बच्चों ने मां दुर्गा के विभिन्न नौ स्वरूपों को धारण कर सबका मन मोह लिया। बच्चों की वेशभूषा, अभिनय और भाव-भंगिमा को देखकर उपस्थित पालक और ग्रामीण मंत्रमुग्ध हो गए तथा इसकी सराहना की।

70 से 100 बच्चों ने किया डांडिया-
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दुर्गा के नौ रूप व गरबा-डांडिया रहा। डांडिया महोत्सव में लगभग 70 से 100 बच्चों ने एक साथ भाग लिया। ढोल-नगाड़ों और गरबा गीतों की धुन पर बच्चों ने जमकर डांडिया खेला। तीन दिनों की लगातार मेहनत और अभ्यास के बाद बच्चों ने यह शानदार प्रस्तुति दी।शिक्षिका गिरिजा पटेल ने इस संबंध में बताया कि “मात्र 3 दिनों के अभ्यास में ही बच्चों ने बहुत ही सुंदर प्रस्तुति दी है। यह देखकर हम सभी शिक्षक गौरवान्वित हैं। बच्चों में गजब का उत्साह देखने को मिला।उन्होंने बताया कि इससे बच्चे संस्कृति व धार्मिक रीति रिवाजों से परिचित होंगे।
पालकों की उमड़ी भीड़, स्कूल से जुड़े बच्चे-बच्चों के इस उत्साह को देखने के लिए बड़ी संख्या में पालकों स्कूल परिसर में पहुंचे। पालकों ने विद्यालय के इस प्रयास की सराहना की।प्रधान पाठक कुमुदिनी तिवारी ने बताया कि पिछले 3 दिनों से पूरे विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल था। सभी शिक्षक और बच्चे पूरे उत्साह के साथ तैयारी में जुटे थे। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का सकारात्मक असर यह भी हुआ है कि जो बच्चे लगातार स्कूल नहीं आ रहे थे, उनका रुझान भी अब स्कूल की ओर बढ़ा है।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को उत्साहवर्धन के लिए प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम में प्रधान पाठक कुमुदिनी तिवारी,विश्वलता मानिकपुरी,प्रवीण तिवारी,यशवंत पाठक,गिरिजा पटेल,निशा सिंगरौल सहित सभी कर्मचारी, बच्चे व ग्रामीण उपस्थित थे।






