पाटन। ग्राम धौराभाठा के युवा मिलाप साहू पिता खुमान साहू का भारतीय सेना की अग्निवीर योजना के तहत चयन होने पर गांव में खुशी का माहौल है। ट्रेनिंग कैंप में शामिल होने के लिए बुधवार को रवाना होने से पहले ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत धौराभाठा के सरपंच एवं पाटन ब्लॉक सरपंच संघ के अध्यक्ष विनय चंद्राकर के नेतृत्व में पंचगण और ग्रामीणों ने मिलाप साहू का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया। उपस्थित लोगों ने कहा कि मिलाप की उपलब्धि पूरे गांव के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने की प्रेरणा मिलेगी।
ग्रामीणों ने मिलाप साहू को ट्रेनिंग के लिए रवाना करते हुए उनके सफल सैन्य जीवन की कामना की। इस दौरान गांव के बड़ी संख्या में युवा, बुजुर्ग एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मिलाप साहू के चयन से धौराभाठा सहित आसपास के क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।
फोटो कैप्शन: अग्निवीर में चयनित मिलाप साहू का सम्मान कर ट्रेनिंग कैंप के लिए रवाना करते ग्राम पंचायत धौराभाठा के सरपंच विनय चंद्राकर, पंचगण एवं ग्रामीण।





