मितानिन दीदियों के 25वें वर्ष की सेवा का सम्मान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं ग्रामीण कोटवारों को भी किया गया सम्मानित

पाटन।।ग्राम पंचायत आगेसरा में सोमवार को मितानिन दीदियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं ग्रामीण कोटवारों के सम्मान में गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मितानिन दीदियों द्वारा अपने सेवाकाल के 25वें वर्ष में प्रवेश करने के अवसर पर उनके लंबे सेवाभाव, समर्पण एवं जनसेवा के कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही गांव में महिला एवं बाल विकास, पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, ग्रामीण जागरूकता तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को भी सम्मानित किया गया।

वहीं ग्राम स्तर पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले ग्रामीण कोटवारों को भी उनके योगदान के लिए श्रीफल, शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सरपंच रमाकांत साहू ने कहा कि मितानिन दीदियां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं कोटवार ग्रामीण व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ये सभी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए गांव के स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इनके निस्वार्थ सेवाभाव और समर्पण को सम्मानित करना हम सभी के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत का उद्देश्य केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करना और उनका उत्साहवर्धन करना भी है।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, पंचगण, मितानिन दीदियां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, ग्रामीण कोटवार एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।