सेलुद/ ‘मितानिन दिवस’ के पावन अवसर पर आज ग्राम पंचायत सेलुद में गांव की स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली मितानिन बहनों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच श्री खिलेश मारकंडे, सचिव श्री हुपेंद्र साहू एवं पंच श्री धनंजय साहू ने ग्राम की सक्रिय मितानिनों को साड़ी, श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाली मितानिनों में श्रीमती मिथिला वर्मा, श्रीमती सुनीता वर्मा, श्रीमती सुनीता कुर्रे, श्रीमती सुधा अमृत, श्रीमती गोदावरी बंजारे, श्रीमती चित्ररेखा साहू एवं श्रीमती दुकलहीन जांगड़े शामिल रहीं।
इस अवसर पर सरपंच श्री खिलेश मारकंडे ने मितानिनों के निस्वार्थ सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि मितानिन बहनें बिना किसी स्वार्थ के दिन-रात गांव के हर परिवार के स्वास्थ्य, मातृ-शिशु देखभाल और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सचिव श्री हुपेंद्र साहू और पंच श्री धनंजय साहू ने भी सभी मितानिनों को मितानिन दिवस की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।इस अवसर पर पंचायत स्टॉफ अंतर्गत रेणुका कुर्रे व हेमा देवांगन उपस्थित थे।







