नगरी/सिहावा, बेलरगांव/विशेष पिछड़ी जनजाति भुंजिया समाज की विभिन्न समस्याओं एवं योजनाओं के संचालन को लेकर भुंजिया समाज जिला धमतरी के प्रतिनिधिमंडल ने सिहावा विधायक अंबिका मरकाम से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। समाज ने विशेष रूप से भुंजिया जनजाति के हितग्राहियों से संबंधित योजना को धमतरी जिले में संचालित किए जाने की मांग रखी।

समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक को अवगत कराया कि धमतरी जिले के नगरी, मगरलोड एवं आसपास के क्षेत्रों में भुंजिया समाज के बड़ी संख्या में परिवार निवासरत हैं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि लगभग 425 परिवार इस क्षेत्र में निवासरत हैं, जबकि संबंधित योजना का संचालन जिला गरियाबंद से होने के कारण हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी, आवेदन, दस्तावेजी प्रक्रिया एवं अन्य कार्यों के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाना पड़ता है। इससे आर्थिक एवं आवागमन संबंधी परेशानी होने की बात समाज ने विधायक के समक्ष रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि भुंजिया जनजाति के लिए गरियाबंद जिले में संचालित योजना एवं उससे संबंधित बजट को धमतरी जिले के नगरी विकासखंड में संचालित करने की दिशा में शासन स्तर पर पहल की जाए, ताकि स्थानीय हितग्राहियों को अपने ही जिले में योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

विधायक ने दिया हरसंभव सहयोग का आश्वासन
समाज की मांगों को सुनने के बाद विधायक अंबिका मरकाम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि भुंजिया समाज की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से शासन-प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के हित में जो भी आवश्यक कार्य उनके स्तर से संभव होगा, उसे प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक ने विशेष रूप से संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक पत्राचार करने तथा योजना के संचालन एवं हितग्राहियों की सुविधा से जुड़े विषय को उचित स्तर पर रखने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाई न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई के लिए पहल की जाएगी।
समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक के समक्ष अपनी अन्य आवश्यकताओं और समस्याओं को भी रखा। विधायक ने सभी विषयों को सुनते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से नियमानुसार समाधान की दिशा में पहल करने का भरोसा दिलाया।
भुंजिया समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक अंबिका मरकाम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की समस्याओं को प्रशासनिक स्तर तक पहुंचाने और उनके निराकरण के लिए पहल किए जाने से क्षेत्र के परिवारों को योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिलने की उम्मीद है।
प्रतिनिधिमंडल में भुंजिया समाज तहसील नगरी के पदाधिकारी एवं समाज के सदस्य उपस्थित रहे।






