तेंदुए के हमले से घायल ग्रामीणों का हाल जानने नगरी अस्पताल पहुंचीं विधायक अंबिका मरकाम, बेहतर उपचार के लिए डॉक्टरों को दिए निर्देश

नवागांव में जंगली कंद खाने से बेहोश हुईं तीन महिलाओं से भी मिलीं विधायक, घायलों के समुचित उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं पर दिया जोर

नगरी/सिहावा। बोराई क्षेत्र के कारीपानी स्थित आमा नाला में विगत दिनों तेंदुए के हमले से घायल हुए ग्रामीणों का हालचाल जानने सिहावा विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम शासकीय अस्पताल नगरी पहुंचीं। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक ने तत्परता दिखाते हुए अस्पताल पहुंचकर घायलों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।

विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम ने घायलों से रूबरू होकर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों से घायलों के उपचार की जानकारी ली और सभी घायलों को आवश्यकतानुसार बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा मरीजों को समय पर उचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।

बोराई क्षेत्र के वनांचल में तेंदुए के हमले की घटना को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने घायलों के स्वास्थ्य एवं उपचार को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

जंगली कंद खाने से बेहोश हुईं तीन महिलाओं से भी की मुलाकात

अस्पताल प्रवास के दौरान विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम ने नवागांव की उन तीन महिलाओं से भी मुलाकात की, जो जंगली कंद को करु कंद समझकर खाने के बाद बेहोश हो गई थीं। विधायक ने महिलाओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उनके उपचार की स्थिति के बारे में पूछा। उन्होंने महिलाओं को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस घटना के मद्देनजर जंगल से प्राप्त होने वाले कंद-मूल एवं अन्य खाद्य वन उत्पादों की सही पहचान के महत्व पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि अनजाने में किसी हानिकारक पदार्थ का सेवन करने से इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील हैं विधायक

विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम ने अपने इस दौरे के माध्यम से यह संदेश दिया कि क्षेत्र के ग्रामीणों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं समस्याओं के प्रति वे संवेदनशील हैं। किसी भी आपातकालीन स्थिति में पीड़ितों को समय पर उपचार और आवश्यक सहायता मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से मरीजों की देखभाल एवं उपचार व्यवस्था को गंभीरता से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर सिहावा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सलाहकार श्री भरत निर्मलकर, विधायक प्रतिनिधि श्री सचिन भंसाली, प्रदेश सचिव आदिवासी कांग्रेस श्री मयंक ध्रुव, सेवादल अध्यक्ष श्री अय्यूब खान, युवा कांग्रेस नेता श्री दिनेश यादव तथा युवा आदिवासी नेता श्री रवि नेताम उपस्थित रहे।