सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डिजिटल एक्स-रे मशीन का उद्घाटन विधायक भावना बोहरा ने किया,स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव

पंडरिया-नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिसमें अत्याधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन का उद्घाटन किया गया। इस नई तकनीक के आने से स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद की जा रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एक्स रे रूम के मुख्य द्वार पर विधायक भावना बोहरा द्वारा फीता काटकर किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा, “यह डिजिटल एक्स-रे मशीन हमारे स्वास्थ्य केंद्र और पुरे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे हम मरीजों को त्वरित और सटीक जांच सेवाएं प्रदान कर सकेंगे।उद्घाटन समारोह के दौरान, विधायक श्रीमती बोहरा ने स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ से भी बातचीत की। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, मौजूदा चुनौतियों और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। स्टाफ ने अपनी समस्याओं और सुझावों को साझा किया, जिसे सुनकर विधायक ने उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि इस केंद्र में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों ताकि क्षेत्र के निवासियों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।उन्होंने कहा, “इस नई मशीन से हमारी स्वास्थ्य सेवाओं में एक नई क्रांति आएगी और हम हर संभव प्रयास करेंगे कि हमारे क्षेत्र के निवासियों को सर्वश्रेष्ठ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।उनके साथ खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ अनामिका पटेल द्वारा इसके बारे में और इससे जुड़े सुविधा के बारे में बताया गया।बी.ई.ई. समशाद शेख और खंड प्रोग्राम प्रबंधक प्रदीप ठाकुर भी मौजूद थे, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के बारे में अपने विचार साझा किए।
मशीन की तकनीकी विशेषताएं
डिजिटल एक्स-रे मशीन में कई तकनीकी उन्नतियां हैं,जो इसे पारंपरिक एक्स-रे मशीनों से बेहतर बनाती हैं। इसमें उच्च रिज़ॉल्यूशन की डिजिटल इमेजिंग तकनीक का उपयोग किया गया है।जो स्पष्ट और सटीक इमेज प्रदान करती है। रेडियोग्राफर रामकुमार जांगड़े ने इस बारे में विस्तार से जानकारी दी। डिजिटल प्रणाली के कारण, एक्स-रे इमेज तुरंत उपलब्ध हो जाती है, जिससे मरीजों को लंबे इंतजार से राहत मिलती है, और डाइग्नोज में सटीक एक्सरे फ़िल्म मिलती है।
*स्थानीय जन प्रतिनिधियों की सहभागिता
इस कार्यक्रम में स्थानीय जन प्रतिनिधियों की भी सक्रिय सहभागिता रही। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नई मशीन की स्थापना को एक महत्वपूर्ण कदम बताया और इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की तकनीकी उन्नतियां ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में मदद करेंगी।