पाटन। विधायक देवेंद्र यादव ने एक बार फिर पाटन विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस बार वे ग्राम देवादा में कांग्रेस नेता भोला वर्मा के सुपुत्र के जन्मदिन समारोह में शामिल होने पहुंचे। लगातार हो रहे उनके क्षेत्रीय दौरों को लेकर राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बारिश के बावजूद देवादा में 50 से अधिक युवकों ने उत्साह के साथ विधायक देवेंद्र यादव का भव्य स्वागत किया। देवादा बाजार चौक पर पाटन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष संजय यदु के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।

दौरे के दौरान विधायक देवेंद्र यादव ने स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में निर्मित स्मृति कुंज पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्मारक पर माल्यार्पण कर देश की आजादी में योगदान देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया।

इसके बाद विधायक यादव कांग्रेस नेता भोला वर्मा के सुपुत्र के जन्मदिन समारोह में शामिल हुए और परिवार को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि विधायक देवेंद्र यादव पिछले कुछ समय से पाटन विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का लगातार दौरा कर रहे हैं। उनके इन दौरों को आगामी राजनीतिक रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं का माहौल गर्म है।






