किसानों की समस्याओं को लेकर मैदान में उतरीं विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, सोसायटियों का किया निरीक्षण

केशव साहू
डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों ग्राम बैहाटोला, आमदनी, भरतपुर एवं पांडादाह की सोसायटियों का निरीक्षण करने आज विधायक हर्षिता स्वामी बघेल पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा खाद एवं बीज की कमी को लेकर अधिकारियों से जवाब-तलब किया।
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि लगातार क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीण किसानों से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि सोसायटियों में खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है, जिसके कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। यदि उन्हें समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं होगा तो वे अपनी फसल कैसे तैयार करेंगे। भारतीय जनता पार्टी की सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। धान खरीदी के समय किसानों को एकमुश्त राशि देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार उस वादे को भी पूरी तरह निभाने में असफल रही है। अब किसानों की उत्पादन क्षमता को प्रभावित करने के लिए खाद संकट जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द खाद की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई तो किसानों का बढ़ता आक्रोश बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि यह समस्या केवल डोंगरगढ़ विधानसभा तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के किसान खाद की कमी और कृषि संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार अपने चुनावी वादों और घोषणाओं को पूरा करने में विफल साबित हो रही है।
उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों के हित में राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, इनपुट सब्सिडी एवं कृषि प्रोत्साहन जैसी अनेक योजनाओं से किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिला था। कांग्रेस सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया था, जबकि वर्तमान सरकार किसानों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति तक नहीं कर पा रही है।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता तेजराम वर्मा, सुरजीत सिंह ठाकुर, कमलेश वर्मा सहित क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। :::