पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम पंचायत झीट में मंगलवार को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के कार्य की शुरुआत की गई। कार्य के प्रथम दिवस ग्राम के सरपंच रुपेंद्र राजू साहू ने मजदूरों को चॉकलेट खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया और कार्य का शुभारंभ कराया।
इस अवसर पर सरपंच ने कहा कि मनरेगा योजना के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उन्हें बाहर पलायन न करना पड़े। उन्होंने मजदूरों से ईमानदारी और मेहनत के साथ कार्य करने की अपील भी की।
ग्राम पंचायत में मनरेगा के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत की जा रही है, जिससे गांव के विकास के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। कार्यक्रम के दौरान पंचायत के अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण भी उपस्थित रहे।







