मोबाइल शॉप का शटर उखाड़कर चोरी, सूचना के घंटों बाद भी नहीं पहुंची पुलिस, झीट के बाजार चौक की घटना, पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

पाटन। अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम झीट स्थित बाजार चौक में बीती रात चोरों ने एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने बाजार चौक स्थित त्रिलोक मोबाइल शॉप का शटर कथित तौर पर सब्बल जैसे औजार से उखाड़कर दुकान में प्रवेश किया।

घटना की जानकारी सुबह सामने आने के बाद ग्रामीणों और दुकान संचालक की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। काफी समय बीतने के बाद भी पुलिस के घटनास्थल पर नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।

फिलहाल दुकान से क्या-क्या सामान चोरी हुआ है, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आ पाई है। पुलिस के मौके पर पहुंचने और जांच के बाद ही चोरी गए सामान तथा नुकसान का वास्तविक आंकलन हो सकेगा।

घटना के बाद बाजार चौक और आसपास के ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता है। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चोरी जैसी घटना की सूचना मिलने के बाद भी पुलिस का तत्काल मौके पर नहीं पहुंचना गंभीर विषय है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चोर कितने बजे दुकान में दाखिल हुए और कितने सामान पर हाथ साफ किया।