कोंडागांव/फरसगांव । रंगों का पर्व होली शुक्रवार को कोंडागांव जिले में छिटपुट घटनाओं के बीच उल्लास के साथ मनाया गया। दिनभर लोगों ने एक दूसरे को रंग, गुलाल, अबीर और चंदन लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। जगह-जगह डीजे लगाकर युवाओं की टोली डांस करते व मस्ती करते नजर आए। इस दौरान सुरक्षा के दृष्टिगत फरसगांव पुलिस खासी चोकन्नी दिखी। छिटपुट झड़पों की सूचना पर पुलिस की भागदौड़ जारी रही।

शुक्रवार की सुबह से ही होली का उल्लास हर तरफ दिखने लगा था। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी होली के उल्लास में रंगे नजर आए। बच्चों ने जहां सुबह से ही सड़कों पर आने-जाने वालों पर पिचकारी से रंग और रंगों से भरे गुब्बारे फेंकने शुरू कर दिए थे, वहीं महिलाएं भी पीछे नहीं रहे वे पारा टोला में अपनी अपनी झुंड में निकल कर एक दूसरे से मिलकर होली के उमंग में नाचते गाते होली के रंग में रंगते दिखें। पुरुषों ने भी एक दूसरे से गले लग कर होली की शुभकामनाएं दी तथा रंग गुलाल अबीर, चंदन लगाकर रंगो का त्योहार हर्षोल्लास पूर्वक मनाया।
हर मोर्चे पर फरसगांव पुलिस रही तैनात-
क्षेत्र में होली का त्योहार शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गया। इस दौरान क्षेत्र में संवेदनशील व भीड़ भाड़ स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारी भी इन स्थानों पर कड़ी नजर रखे हुए थे। इस दौरान शुक्रवार को सुबह से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। फरसगांव थाना प्रभारी हरिनंदन सिंह सहित सभी स्टाफ क्षेत्र में गश्त करते रहे है।