महाराष्ट्र और गुजरात में बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। कई जगह भूस्खलन की घटना भी सामने आई है। मौसम विभाग ने मुंबई और पुणे समते महाराष्ट्र के 11 जिलों में 14 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इस बीच गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल ने नवसारी के अलावा वलसाड़ और डांग जिलों में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा किया। राज्य में तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गोदावरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और भद्राचलम में तीसरे चेतावनी स्तर पर पहुंच गया है।
कर्नाटक में 32 की मौत
कर्नाटक में बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 32 लोगों की जान जा चुकी है। मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने लोगों की मदद के लिए तत्काल प्रभाव से 500 करोड़ रुपये जारी किए हैं। यहां बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी राज्य के बड़े हिस्से में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
