रायपुर।छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले तीन से चार दिनों के भीतर प्रदेश के कई हिस्सों में इसकी एंट्री हो सकती है। मौसम विभाग ने 11 जून से राज्यभर में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं की गतिविधियों में बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से वातावरण में नमी लगातार बढ़ रही है। इसके चलते प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की प्रगति के साथ बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी। इसके असर से अगले दो दिनों बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।






