पाटन।शक्ति के पर्व शारदीय नवरात्र का सोमवार से प्रारंभ हो गया। इस मौके पर पाटन नगर और आसपास के सभी देवी मंदिरों की आकर्षक सज्जा की गई । माता प्रतिमा का विशेष श्रृंगार कर उसकी विशेष पूजा-आराधना की गई। देवी मंदिरों में मनोकामना ज्योति कलश की स्थापना की गई।मुख्य चौक पर माँ दुर्गा की मूर्ति स्थापित की गई। सुबह से ही मंदिर में माता के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। नवरात्र में नौ दिनों तक मंदिरों में भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
नवरात्र के पहले ही दिन से मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के शीतला मंदिर,चंडी मंदिर,अखरा दाई, दुर्गा मंदिर,महामाया मंदिर सोनपुर के ज्वाला मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर माता का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त लिया। नवरात्र आदिशक्ति की पूजा का पर्व है। इसमें मां दुर्गा की विशेष आराधना की जाती है, जिसका विशेष महत्व है। नवरात्र में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है।
नवरात्र के पहले दिन मन्दिरों में सुबह से ही ज्योति कलश की स्थापना की विधि शुरू हो गई थी। पाटन नगर के अखरा दाई में 166 ज्योत कलश , चंडी मंदिर में 315 ज्योत कलश ,दुर्गा मंदिर में 31,शीतला मंदिर में 93,महामाया मंदिर में 332 और सोनपुर के ज्वाला मंदिर में 1241 ज्योत कलश भक्तों द्वारा ज्योतिकलश प्रज्वलित कराए गए हैं।





