खेत से मोटर पंप और केबल तार चोरी, किसान परेशान,  अमलेश्वर थाना क्षेत्र में बढ़ती वारदातें, पाहांदा अ में बीती रात की घटना


पाटन।
अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम पहांदा अ में खेतों में लगी सिंचाई व्यवस्था चोरों के निशाने पर है। यहां राम भगवान के खेत में लगे मोटर पंप को केबल तार सहित अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में पहले भी तीन बार इसी तरह की चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे किसानों में चिंता और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पहांदा अ में राम भगवान ठाकुर के खेत में सिंचाई के लिए लगाया गया मोटर पंप और उससे जुड़ा केबल तार रात के समय चोरी हो गया। मोटर पंप चोरी होने से खेत में लगी फसल को पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे फसल सूखने की आशंका बढ़ गई है।
क्षेत्र के किसानों का कहना है कि चोर लगातार खेतों में लगे मोटर पंप और केबल तार को निशाना बना रहे हैं। इन दिनों धान की फसल को नियमित पानी की आवश्यकता होती है, लेकिन मोटर पंप और केबल तार चोरी होने से किसानों के सामने सिंचाई की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक इससे पहले भी आसपास के कई गांवों में मोटर पंप और केबल तार चोरी के मामले सामने आ चुके हैं। वहीं छोटे औरी गांव में तो चोरों ने बिजली के खंभे से ही तार चोरी कर लिया था।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के किसान दहशत में हैं और उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने तथा चोरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।