पाटन क्षेत्र में खेतों से मोटर पंप के केबल तारों की चोरी, किसान परेशान, फुंडा में आधा दर्जन किसान प्रभावित

फुंडा-पुनाईडीह गांव में बीती रात चोरों ने बनाया निशाना, कई गांवों में लगातार हो रही ऐसी घटनाएं

पाटन। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम फुंडा और पुनाईडीह , देवादा में किसानों के खेतों में लगे मोटर पंप के केबल तार और कॉपर वायर की चोरी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बीती रात चोरों ने खेतों में पहुंचकर सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर पंप के तारों को निशाना बनाया। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र के किसानों की परेशानी बढ़ गई है। किसान  पंकज वर्मा ,नीलकंठ वर्मा ,जे के वर्मा, पोषण वर्मा ज्ञानिक वर्मा ,सुरेंद्र वर्मा, दीपक वर्मा, के खेत में चोरी की घटना हुई है।

जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से पाटन क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में खेतों से मोटर पंप के केबल तार, सर्विस वायर और कॉपर केबल चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। तार चोरी होने के कारण किसानों को खेतों में सिंचाई करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे खेती-किसानी के काम पर भी असर पड़ रहा है।

कबाड़ी दुकानों में चोरी का सामान खपाने की आशंका

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर क्षेत्र में आशंका जताई जा रही है कि चोरी किए गए केबल तार और कॉपर वायर को आसपास की कबाड़ी दुकानों में बेचा जा सकता है। हालांकि, चोरी के सामान की बिक्री को लेकर अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में किसानों ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस से प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

किसानों की बढ़ी चिंता

खेतों में लगे मोटर पंप के तार किसानों के लिए सिंचाई का महत्वपूर्ण साधन हैं। तार चोरी होने से किसानों को दोबारा केबल खरीदने और मोटर पंप चालू कराने में अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है। किसानों की मांग है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए तथा लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।