रायपुर।हिमाचल प्रदेश के पिरपंजाल रेंज में स्थित माउंट फ्रेंडशिप पीक पर इंडियन एडवेंचर फाउंडेशन द्वारा अल्पाइन एक्सपीडिशन का आयोजन किया गया। इस एक्सपीडिशन में छत्तीसगढ़, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश से कुल 17 सदस्यों का दल 5 जुलाई 2024 को पीक समिट के लिए रवाना हुआ। इस एक्सपीडिशन को स्पीड क्लाइम्बिंग के तहत दो दिनों में पूरा किया जाना था।
पहले ही दिन की चढ़ाई के दौरान खराब मौसम और तेज बारिश के कारण सफर कठिनाई भरा रहा। कुछ सदस्यों की तबियत भी खराब हुई, लेकिन किसी ने हार नहीं मानी और सभी ने सफलतापूर्वक एडवांस बेस कैंप तक चढ़ाई की। इसके बाद सभी को आराम करके रात एक बजे पीक समिट के लिए रवाना होना था, किन्तु लगातार तेज बारिश और बर्फबारी के चलते एक्सपीडिशन को लीड कर रहे पर्वतारोहियों ने किसी की जान को जोखिम में न डालते हुए एडवांस बेस कैंप से वापसी का निर्णय लिया।

टीम जरूर निराश हुई, लेकिन 3900 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचना भी एक बड़ी सफलता से कम नहीं था। लौटते समय टीम को 3700 मीटर पर स्थित व्यास नदी के उदगम स्थल व्यास कुंड के दर्शन करने का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ।
आपको बता दे की इंडियन एडवेंचर फाउंडेशन बीते 6 वर्षो से एडवेंचर के क्षेत्र मे लगातार कार्य कर रही है। यह अल्पाइन एक्सपीडिशन इंडियन एडवेंचर फाउंडेशन के अध्यक्ष इफ्राइम अहमद के दिशानिर्देश में आयोजित किया गया था। हिमाचल प्रदेश से सचिन शर्मा, पूजा; छत्तीसगढ़ से रोहित कुमार झा और प्रमेश विजयवार; उत्तर प्रदेश से अनिल यादव ने इस एक्सपीडिशन का नेतृत्व किया। प्रतिभागियों में छत्तीसगढ़ से कुमेश्वर गन्धर्व, विशाल यादव, नितेश अगरवाल, ललित कुमार गोरती, यशवंत कुमार टंडन, लोकेश कुमार, रुपेश कुमार, दीपक वर्मा, रविन्द्र कुमार; राजस्थान से राज कुमार चतुर्वेदी, पियूष चतुर्वेदी; और पंजाब से सुनील शामिल थे।
इंडियन एडवेंचर फाउंडेशन के सभी टीम मेंबर्स को इस एक्सपीडिशन में 3900 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचने और सुरक्षित वापस लौटने पर बधाई एवं इस अधूरे एक्सपीडिशन को आगे पूरा करने के लिए शुभकामनाएं।