पंडरिया।क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय क्षेत्र के विकास के लिए राज्य व केंद्र दोनों स्तर पर सक्रियता के साथ काम कर रहे हैं। गत दिनों उन्होंने रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर जिले के विकास के लिए चार प्रमुख बड़ी मांग की थी। अब उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी से मुलाकात की है।
सांसद संतोष पांडेय ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी को पंडरिया व बोड़ला में संचालित शासकीय कॉलेज भवन की स्थिति के बारे में अवगत कराते हुए नए भवन निर्माण की मांग को लेकर पत्र सौंपा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि कबीरधाम जिले के विकासखंड मुख्यालय पंडरिया में इंदिरा गांधी शासकीय महाविद्यालय व बोड़ला में स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय संचालित है। ये दोनों जिले के प्रमुख व बड़े केंद्र हैं। पंडरिया में सन् 1984 से कॉलेज संचालित है। वर्तमान में यहाँ विद्यार्थियों की दर्ज संख्या लगभग 1000 है। यहाँ स्नातक व स्नातकोत्तर की कक्षाएँ संचालित होती है।

इसी प्रकार बोड़ला कॉलेज सन् 2007 से संचालित है। यहां भी स्नातक व स्नातकोत्तर की कक्षाएँ संचालित है। यहाँ विद्यार्थियों की दर्ज संख्या 700 है। इन दोनों कॉलेज में नगर सहित विभिन्न गांव के विद्यार्थी अध्ययन करने आते हैं। उक्त दोनों स्थानों का कॉलेज भवन दर्ज संख्या के मुताबिक बहुत छोटा है। साथ ही भवन पुराना व जर्जर भी हो गया है। कक्षा संचालन के लिए पर्याप्त कमरे नहीं है। इसके चलते विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कक्षा संचालन में दिक्कत होती है। दो पाली में कॉलेज का संचालन करना पड़ रहा है। इन दोनों स्थानों में नए कॉलेज भवन निर्माण की आवश्यकता है। सांसद पांडेय ने उक्त समस्याओं को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान(RUSA) के अंतर्गत पंडरिया व बोड़ला में नया कॉलेज भवन निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान करने की मांग की। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया।







