भिलाई।ग्रामीण विकास को गति देने और पंचायत प्रतिनिधियों तथा प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बिठाने के उद्देश्य से महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में ‘सांसद-सरपंच संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में पहली बार दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल, जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पंचायत प्रतिनिधि एक ही मंच पर नजर आए। कार्यक्रम का मुख्य फोकस ‘विकसित भारत-2047’ के विजन को साकार करने और गांवों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर रहा।

खराब मौसम के बावजूद उमड़ी भीड़
खराब मौसम होने के बाद भी पाटन, दुर्ग और धमधा विकासखंडों के सरपंचों ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जनप्रतिनिधियों के इस उत्साह को देखकर सांसद विजय बघेल ने कहा कि यह उपस्थिति ग्रामीण विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की समस्याएं केवल उनकी व्यक्तिगत समस्याएं नहीं हैं, बल्कि इन सबका समाधान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अधिकारियों की मौजूदगी में समस्याओं पर हुआ मंथन
संवाद कार्यक्रम में जिला कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अश्विनी देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार द्वारा गांवों, गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के अंत में जनहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंचों और प्रबुद्ध नागरिकों को सांसद विजय बघेल द्वारा स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में नितेश देशलहरा, राघवेंद्र सिंह, अजय पारकर सहित अनेक सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।






