अंडा। अखिल भारतीय स्तरीय जवाहर नवोदय विद्यालय स्व-आकलन नि:शुल्क प्रतियोगिता परीक्षा 2026-27 का आयोजन 18 अक्टूबर, रविवार को किया जाएगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कूर्मि क्षत्रिय समाज युवा संगठन के संयोजन में आयोजित इस परीक्षा का मुख्य केंद्र सीएसआईटी कॉलेज, कोलिहापुरी, दुर्ग में बनाया गया है। यहां कक्षा पांचवीं के लगभग 250 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित है।

इस परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश कूर्मि क्षत्रिय समाज की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष लता ऋषि चंद्राकर उपस्थित रहेंगे। इस दौरान वे विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करेंगे और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्र
प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। आयोजकों के अनुसार, प्रदेशभर में लगभग 2,000 विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करना, उनकी तैयारी का आकलन करना तथा उन्हें भविष्य की परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित करना है।
मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी आकर्षक पुरस्कार राशि
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रथम से दसवें स्थान तक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 10,001 रुपये, द्वितीय स्थान पर 9,001 रुपये तथा तृतीय स्थान पर 8,001 रुपये दिए जाएंगे। इसी प्रकार चौथे स्थान के लिए 7,001 रुपये, पांचवें के लिए 6,001 रुपये, छठवें के लिए 5,001 रुपये, सातवें के लिए 4,001 रुपये, आठवें के लिए 3,001 रुपये, नौवें के लिए 2,001 रुपये तथा दसवें स्थान के लिए 1,001 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
परीक्षा संचालन के लिए बनाई गई टीम
सीएसआईटी कॉलेज, कोलिहापुरी परीक्षा केंद्र के लिए दिलीप देशमुख को केंद्राध्यक्ष तथा पुरुषोत्तम दिल्लीवार को सहायक केंद्राध्यक्ष बनाया गया है। परीक्षा निरीक्षक के रूप में रेणुका चंद्राकर एवं प्रीति तिवारी की जिम्मेदारी तय की गई है।
इसके अलावा मिलेश्वर देशमुख, देवेंद्र हरमुख, नंदिनी देशमुख, बीरेंद्र देशमुख, हरिवंश साहू, खिलेश्वर साहू, देवेश देशमुख, रोशन नागरे, मोनिष वर्मा, निशांत हरमुख, प्रेम देशमुख, किशोर देशमुख, योगेंद्र देशमुख, सागर देशमुख, संदीप बेलचंदन, प्रदीप देशमुख एवं राकेश हरमुख को भी परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
युवा संगठन की पहल से विद्यार्थियों को मिलेगा प्रोत्साहन
इस आयोजन का संयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश कूर्मि क्षत्रिय समाज के युवा प्रदेश अध्यक्ष योगेश्वर देशमुख तथा प्रदेश युवा सचिव एवं शिक्षा प्रभाग से जुड़े गिरीश हरमुख द्वारा किया जा रहा है। आयोजन में दुष्यंत देशमुख, आशीष दिल्लीवार, मनीष देशमुख सहित टीम के अन्य सदस्य सहयोग करेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए योगेश्वर देशमुख ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति आत्मविश्वास बढ़ाने और बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।






