हरेली महोत्सव में श्रीमती कीर्ति नायक ने बढ़ाया ग्रामीणों का उत्साह, भाठागांव में खो-खो, कबड्डी एवं गेड़ी दौड़ प्रतियोगिता के साथ हरेली की रही धूम

छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व हरेली महोत्सव के अवसर पर ग्राम भाठागांव (औरी), तहसील पाटन, जिला दुर्ग में आज पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया।

हरेली महोत्सव के अवसर पर आयोजित खो-खो, कबड्डी एवं गेड़ी दौड़ प्रतियोगिता में ग्रामीण युवाओं और खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खेल मैदान में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने उपस्थित ग्रामीणों में उत्साह और उमंग भर दी। पारंपरिक गेड़ी दौड़ ने विशेष रूप से हरेली पर्व की छत्तीसगढ़ी संस्कृति और ग्रामीण परंपराओं की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की।

हरेली हमारी संस्कृति और मिट्टी से जुड़ा पर्व : श्रीमती कीर्ति नायक

मुख्य अतिथि श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की माटी, कृषि परंपरा और लोकसंस्कृति से जुड़ा हमारा महत्वपूर्ण पर्व है। हरेली के अवसर पर पारंपरिक खेलों का आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ ही युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का बेहतर माध्यम है।

उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की। खो-खो, कबड्डी और गेड़ी जैसे पारंपरिक खेल हमारी पहचान हैं और ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ती है।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती कस्तूरी पन्ना बाजरे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। साथ ही श्रीमती कलेंद्री गजेंद्र माणिकपुरी, सरपंच ग्राम पंचायत औरी-भाठागांव, श्री संदीप चन्द्राकर, उपसरपंच, सहित ग्राम के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन अध्यक्ष श्री विकास टंडन एवं समस्त ग्रामवासियों भाठागांव के सहयोग से किया गया। आयोजन में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और हरेली पर्व को पारंपरिक खेलों एवं आपसी भाईचारे के साथ एवं खेल ग्राउंड में वृहत वृक्षारोपण करके उत्साहपूर्वक मनाया।

हरेली महोत्सव का यह आयोजन छत्तीसगढ़ी संस्कृति, ग्रामीण एकता और खेल भावना का सुंदर संगम बनकर सामने आया।