ज्ञानदीप पुरस्कार की राशि से शिक्षक मुकेश वर्मा ने अमेरी स्कूल को बनाया आकर्षक, दीवारों पर उकेरे ज्ञानवर्धक शैक्षणिक चित्र

पाटन। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमेरी में पदस्थ शिक्षक मुकेश कुमार वर्मा ने अपनी अनूठी पहल से विद्यालय परिसर की तस्वीर बदल दी है। उन्हें इस वर्ष छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव के हाथों प्राप्त ज्ञानदीप पुरस्कार की राशि का उपयोग उन्होंने विद्यालय को आकर्षक और ज्ञानवर्धक बनाने में किया है।

शिक्षक मुकेश वर्मा ने पुरस्कार की राशि से विद्यालय की दीवारों पर गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान एवं नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर आधारित आकर्षक शैक्षणिक चित्रों की वॉल पेंटिंग कराई है। इन चित्रों के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां रोचक और सरल तरीके से मिल रही हैं।

इस पहल से अब विद्यालय परिसर पहले से अधिक सुंदर, आकर्षक और स्वच्छ नजर आ रहा है। दीवारों पर उकेरे गए शैक्षणिक चित्र बच्चों के लिए सीखने का नया माध्यम बन रहे हैं। इससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ने की उम्मीद है।

शिक्षक मुकेश कुमार वर्मा की इस अभिनव पहल की विकासखंड शिक्षा अधिकारी डालेंद्र देवांगन, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार महिलांग, बीआरसी गुनेश्वर प्रसाद वर्मा, प्रधान पाठक देवलाल पटेल, सरपंच भूषण लाल भारद्वाज, एसएमसी अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, शिव वर्मा, दिनेश नेताम, मनीष कौशले, कोमल यादव सहित विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों एवं बच्चों ने सराहना की है।

शिक्षक मुकेश वर्मा की इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है। पुरस्कार की राशि को व्यक्तिगत उपयोग के बजाय विद्यालय और विद्यार्थियों के हित में खर्च कर उन्होंने अन्य शिक्षकों के सामने भी अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।