मुंबई की आरसीबी पर 15 रन से जीत, नेट शीवर-ब्रंट ने रचा इतिहास; डब्ल्यूपीएल का पहला शतक जड़ा

Wplt20

मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 15 रन से हरा दिया। वडोदरा में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई ने 20 ओवर में चार विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में आरसीबी निर्धारित ओवरों में नौ विकेट पर 184 रन ही बना सकी।

मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 15 रन से हरा दिया। सोमवार को वडोदरा में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नेट शीवर ब्रंट के नाबाद शतक और हीली मैथ्यूज की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में आरसीबी निर्धारित ओवरों में नौ विकेट पर 184 रन ही बना सकी। उनके लिए ऋचा घोष ने सर्वाधिक 90 रनों की पारी खेली।

नेट शीवर ब्रंट ने रचा इतिहास
नेट शीवर ब्रंट ने महिला प्रीमियर लीग के इतिहास में पहला शतक जड़कर इतिहास रच दिया। उन्होंने आरसीबी के खिलाफ वडोदरा में खेले गए मुकाबले में 57 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और 1 छक्का शामिल था। इस पारी के साथ वह डब्ल्यूपीएल इतिहास की सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर सूची में शीर्ष पर पहुंच गईं। उनसे पहले जॉर्जिया वॉल (99*), सोफी डिवाइन (99), एलिसा हीली (96*), बेथ मूनी (96*) और स्मृति मंधाना (96) जैसे बड़े नाम शतक से चूक गए थे, लेकिन ब्रंट ने यह उपलब्धि हासिल कर महिला प्रीमियर लीग में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया।

आरसीबी की पारी
200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले के भीतर ही टीम ने 35 रन पर 5 विकेट गंवा दिए और मैच लगभग मुंबई की पकड़ में चला गया। हालांकि, इसके बाद रिचा घोष ने एक छोर संभाले रखा और विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया। ऋचा घोष ने 50 गेंदों में 10 चौके और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 90 रन बनाए और आखिरी दो ओवरों में 43 रन बटोरे। इसके बावजूद उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला और टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 184 रन ही बना सकी। मुंबई की ओर से हीली मैथ्यूज ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए 3 विकेट लिए, जबकि शबनिम इस्माइल ने 2 अहम विकेट झटके।