दल्ली राजहरा में पेयजल आपूर्ति को लेकर नगर पालिका गंभीर, नागरिकों को मिल रहा शुद्ध पेयजल

दल्ली राजहरा। नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा ने शहर में पेयजल व्यवस्था को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों पर स्पष्ट किया है कि नगरवासियों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति बोरवेल आधारित पाइपलाइन व्यवस्था के माध्यम से की जा रही है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष भीषण गर्मी के कारण जल स्रोतों में कुछ कमी अवश्य आई है, लेकिन पेयजल आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा यह भ्रामक प्रचार किया जा रहा है कि झरने के कुंड का पानी पीने के लिए उपयोग किया जा रहा है, जबकि यह पूरी तरह गलत है।

नगर पालिका के अनुसार कुंड का पानी केवल निस्तारी कार्यों, बर्तन साफ करने, कपड़े धोने एवं अन्य घरेलू उपयोग के लिए लिया जाता है। पीने के पानी की व्यवस्था अलग से बोरवेल और पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से की गई है।

अध्यक्ष ने बताया कि वार्ड क्रमांक 10 और 12 के रहवासियों को चार शासकीय बोरवेलों से पाइपलाइन के जरिए पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। नगर पालिका क्षेत्र में कुल 187 बोरवेल संचालित हैं, जिनसे शहर की आबादी को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि बीएसपी क्षेत्र के निवासियों के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) द्वारा अलग से पेयजल व्यवस्था की गई है। नगर पालिका आगामी समय में जलवर्धन योजना को शीघ्र लागू करने के प्रयास में जुटी हुई है, जिससे शहर की पेयजल व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सकेगी।