पाटन।नगर पंचायत पाटन की परिषद बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले द्वारा कुल ₹46 करोड़ 39 लाख 73 हजार रुपए का बजट प्रस्तुत किया गया। इस बजट में नगर के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है।
बैठक में प्रस्तुत बजट को नगर के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए नगर पंचायत पाटन की सभापति एवं वार्ड क्रमांक 4 अखरा की पार्षद नेहा बाबा वर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यह बजट नगर के लिए नई दिशा और गति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस बजट के माध्यम से सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।
नेहा बाबा वर्मा ने आगे कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। बजट के प्रभावी क्रियान्वयन से पाटन को एक व्यवस्थित और विकसित नगर के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पार्षदों और अधिकारियों के सहयोग से बजट में शामिल योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाएगा।
परिषद बैठक में अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने वार्डों के विकास से जुड़े सुझाव रखे, जिन पर सकारात्मक चर्चा करते हुए उन्हें बजट में शामिल करने पर विचार किया गया।







