नगरी-सिहावा राइस मिल्स एसोसिएशन का जिला स्तरीय सावन मिलन समारोह संपन्न…मुरुमसिल्ली रेस्ट हाउस में हुआ आयोजन, विधायक अंबिका मरकाम ने दी सभी को सावन मिलन की शुभकामनाएं

नगरी/सिहावा , बेलरगांव।नगरी-सिहावा राइस मिल्स एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला स्तरीय सावन मिलन समारोह का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन मुरुमसिल्ली रेस्ट हाउस में किया गया। समारोह में राइस मिल उद्योग से जुड़े व्यवसायियों, पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिहावा विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम रहीं। समारोह में विधायक अंबिका मरकाम का राइस मिल्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। सावन मिलन समारोह के अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

इस अवसर पर विधायक अंबिका मरकाम ने उपस्थित सभी राइस मिल संचालकों, व्यापारियों एवं उनके परिवारजनों को सावन मिलन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का कार्य करते हैं। आपसी मेल-मिलाप और संवाद से सामाजिक संबंध और अधिक मजबूत होते हैं। उन्होंने राइस मिल उद्योग से जुड़े सभी लोगों की उन्नति एवं समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि क्षेत्र के आर्थिक विकास में व्यापार एवं उद्योग जगत की महत्वपूर्ण भूमिका है।

विधायक ने कहा कि नगरी-सिहावा क्षेत्र में विभिन्न व्यवसायों एवं उद्योगों से जुड़े लोगों की मेहनत से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने एसोसिएशन के इस आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं मिलन समारोह आयोजित किए जाने की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में नगरी-सिहावा राइस मिल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अनिल वधवानी, मोहन लालवानी, अजय नहाटा, सचिन भंसाली, जावेद मेमन, अनिल बोहरा, विकास छाजेड़, युसूफ मेमन, मयंक ध्रुव, रामाराव, रौनक बोहरा, बंटी चोपड़ा, अभय नहाटा सहित राइस मिल्स एसोसिएशन से जुड़े अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

मुरुमसिल्ली के प्राकृतिक एवं मनोरम वातावरण के बीच आयोजित इस सावन मिलन समारोह में सभी ने आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ एक-दूसरे से मुलाकात की तथा समारोह को यादगार बनाया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने एसोसिएशन की गतिविधियों, आपसी सहयोग तथा क्षेत्र में राइस मिल उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया।

अंत में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि विधायक अंबिका मरकाम सहित सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। समारोह हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ।