नगरी/सिहावा, बेलरगांव।बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त रखने के उद्देश्य से बेलरगांव आंगनबाड़ी केंद्र में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 1 वर्ष से 19 वर्ष के बच्चों और किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई।

स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में एनीमिया और कुपोषण को रोकना है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने दी जानकारी
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमला साहु ने बच्चों और अभिभावकों को कृमि संक्रमण के कारण और बचाव के बारे में बताया। उन्होंने कहा,
“पेट में कृमि होने से बच्चों का खाना सही से नहीं लगता, खून की कमी हो जाती है और पढ़ाई में मन नहीं लगता। हर 6 महीने में एल्बेंडाजोल की गोली खाना जरूरी है। साथ ही हाथ धोना, नाखून काटना और साफ पानी पीना भी जरूरी है।”

कार्यक्रम में बच्चों को गोली खाने के बाद हाथ धुलवाए गए और उन्हें स्वच्छता के बारे में शपथ दिलाई गई।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी हेंमंत देव श्रीमाली ने कहा,
“राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर बच्चा कृमि मुक्त हो। जो बच्चे आज किसी कारणवश गोली नहीं खा पाए हैं, उन्हें अगले 3 दिनों में फॉलोअप खुराक दी जाएगी। अभिभावकों से अपील है कि वे अपने बच्चों को जरूर गोली खिलाएं।”
अभिभावकों ने जताया आभार
अभिभावकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार होगा। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की ऊंचाई, वजन का माप और स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।






