जामगांव (आर),
शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव (आर) में आज महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जन्मदिवस के अवसर पर राष्ट्रीय गणित दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का थीम “मैथमेटिक्स, आर्ट एंड क्रिएटिविटी” रखा गया था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोहनलाल जैन शासकीय महाविद्यालय खुर्सीपार के गणित विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार साहू रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के वंदना से हुई।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में गणित के महत्व तथा श्रीनिवास रामानुजन के जीवन पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि डॉ. विनोद कुमार साहू ने रामानुजन के जीवन के विभिन्न पहलुओं को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार विकट परिस्थितियों में भी रामानुजन ने अपने शोध कार्य पूर्ण किए और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जी. एच. हार्डी के साथ मिलकर 1729 जैसे जादुई संख्या (मैजिक नंबर) की खोज की।
कार्यक्रम में छात्रों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर के छात्र कुणाल यदु ने फिबोनाची संख्या तथा गोल्डन रेशियो को दैनिक जीवन से जोड़कर समझाया। मुकेश कुमार ने गणित के प्रति छात्रों में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया। इसी क्रम में कल्याण कुमार ने चर (वेरिएबल) के प्रयोग से गणितीय प्रश्नों को सरलता से हल करने की तकनीक पर अपनी प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के अंत में अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक श्री रजनीशकांत तिवारी ने मुख्य अतिथि डॉ. विनोद कुमार साहू को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। गणित विभाग के सहायक प्राध्यापक श्री मनोज कुमार ने प्राचार्य, मुख्य अतिथि, अन्य प्राध्यापकों, छात्र-छात्राओं तथा कार्यालय स्टाफ का कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आभार व्यक्त किया। अंत में प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने सभी छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।







