पाटन। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन में अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले एवं सभापति केवल देवांगन ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, ताकि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने का संकल्प मजबूत हो सके।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. कठौतिया ने बताया कि अभियान के दौरान क्षेत्र के सभी पात्र बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार” के संदेश के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर भी बच्चों को दवा पिलाएगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिनें, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में नन्हें-मुन्ने बच्चे उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने सभी पालकों से अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने की अपील की है।






