28 जून को आयोजित होगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, विकासखंड पाटन में हजारों बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दो बूंद

पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से रविवार, 28 जून 2026 को विकासखंड पाटन में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी वैक्सीन की दो बूंद पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा यह सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

खंड चिकित्सा अधिकारी पाटन, डॉ. बी. कठौतिया ने बताया कि विकासखंड में लगभग 21,000 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 183 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा अन्य विभागीय कर्मचारी अपनी सेवाएं देंगे। इसके अतिरिक्त दूरस्थ क्षेत्रों, ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों, प्रवासी परिवारों एवं छूटे हुए बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 7 मोबाइल टीमों तथा बस स्टैंड, प्रमुख मार्गों एवं अन्य आवागमन स्थलों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने हेतु 6 ट्रांजिट टीमों का गठन किया गया है।

खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी बी.एल. वर्मा एवं चंद्रकांता साहू ने बताया कि अभियान में संलग्न सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। प्रशिक्षण के दौरान वैक्सीन के सुरक्षित उपयोग, बूथ संचालन, बच्चों के चिन्हांकन, रिकॉर्ड संधारण, कोल्ड चेन प्रबंधन तथा छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने की कार्ययोजना सहित सभी आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। साथ ही सभी पोलियो बूथों पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अभियान का शुभारंभ कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे जनसहभागिता बढ़े और अधिक से अधिक अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित हों।

उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक लॉजिस्टिक्स, पोलियो वैक्सीन, वैक्सीन कैरियर, आइस पैक, फिंगर मार्कर, हाउस मार्किंग सामग्री, टैली शीट एवं रिपोर्टिंग प्रपत्र सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। सभी कोल्ड चेन प्वाइंट्स पर वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण एवं समयबद्ध परिवहन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि प्रत्येक बूथ तक गुणवत्तापूर्ण वैक्सीन सुरक्षित रूप से पहुंचाई जा सके।

डॉ. बी. कठौतिया ने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि पोलियो की दो बूंद हर बच्चे के स्वस्थ भविष्य की सुरक्षा है। इसलिए 28 जून को अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को, चाहे उन्हें पहले भी पोलियो की खुराक मिल चुकी हो, अपने निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं और पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की सहभागिता से ही भारत को स्थायी रूप से पोलियो मुक्त बनाए रखा जा सकता है तथा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को पूर्ण सफलता मिलेगी।