राष्ट्र–शौर्य समृद्धि 24 कुण्डीय गायत्री  महायज्ञ ,विराट बाइक रैली ने जगाया आध्यात्मिक उत्साह और राष्ट्रभावना





अंडा। फोटो। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अंजोरा (ख) में आगामी राष्ट्र–शौर्य समृद्धि 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ की तैयारियाँ चरम उत्कर्ष पर हैं। इसी पावन ऊर्जा के साथ 7 दिसंबर, रविवार को एक भव्य एवं विराट बाइक रैली निकाली गई, जिसने क्षेत्र भर में आध्यात्मिक जागरण, राष्ट्रभावना और संस्कारों का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। रैली में सम्मिलित सैकड़ों युवा एवं गायत्री परिजनों ने अनुशासन, उत्साह और समर्पण का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रत्येक वाहन पर लगाए गए हैंडमेड संदेश-पट्टिकाओं ने सुरक्षित यातायात, सामाजिक जागरूकता और सभ्य नागरिकता का श्रेष्ठ संदेश प्रसारित किया। यह रैली विभिन्न गांवों से गुजरते हुए जब-जब पहुँची, तब-तब ग्रामीणों ने उत्साहपूर्ण स्वागत कर अपने सहयोग और श्रद्धा का परिचय दिया। जगह-जगह पुष्पवर्षा, तिलक-अभिनंदन और आत्मीय मुस्कानों ने इस यात्रा को और अधिक प्रभावशाली बनाया। रैली के भव्य स्वरूप, अनुशासित संचालन और आध्यात्मिक गरिमा ने इसे अत्यंत आकर्षक, दर्शनीय एवं प्रेरणादायी बना दिया। कार्यक्रम संयोजकों ने इसे महायज्ञ की सफल तैयारी का महत्वपूर्ण अध्याय बताते हुए सभी ग्रामवासियों के सहयोग हेतु कृतज्ञता व्यक्त की। इस विराट बाइक रैली ने अंजोरा क्षेत्र में महायज्ञ के प्रति उत्साह, श्रद्धा और राष्ट्रसेवा की अलख को प्रखर रूप से प्रज्वलित कर दिया है।