डोंगरगढ़।प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण और युवाओं में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ईकोवीरा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा डंगोरा डैम क्षेत्र में दूसरा सफल “ट्रेकिंग एवं एडवेंचर कैंप” आयोजित किया गया।
घने जंगलों और शांत वातावरण के बीच करीब 5 किलोमीटर की ट्रेकिंग कर टीम एक अनदेखे व्यू-पॉइंट तक पहुँची, जहाँ रात्रि विश्राम एवं प्रकृति से जुड़ी गतिविधियाँ की गईं।

रात में आयोजित बोनफायर सेशन इस अभियान की मुख्य विशेषता रहा, जिसमें स्टोरी–टेलिंग, प्रकृति संरक्षण पर प्रेरक चर्चा और युवाओं को जिम्मेदार ट्रैवलर बनने का संदेश दिया गया। साथ ही प्रतिभागियों को टेंट लगाना, ट्रेकिंग सेफ्टी, दिशा पहचान, जंगल में सतर्कता जैसे एडवेंचर स्किल्स भी सिखाए गए।रात के शांत माहौल और जंगल की हल्की आवाज़ों के बीच प्रतिभागियों ने प्रकृति से जुड़ी कहानियों, जंगल संरक्षण की प्रेरक घटनाओं और जीवन में प्रकृति के महत्व पर चर्चा की।
सुबह प्रतिभागियों ने डंगोरा डैम और पर्वत श्रृंखला के ऊपर उगते सूर्य की मनमोहक रोशनी का दुर्लभ दृश्य देखा, जिसे सभी ने अविस्मरणीय अनुभव बताया।
ईकोवीरा इंडिया के निदेशक प्रमेश विजयवार ने कहा कि डंगोरा डैम का यह क्षेत्र प्राकृतिक सुंदरता, एडवेंचर गतिविधियों और पर्यावरण शिक्षा — तीनों के लिए आदर्श है।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि भविष्य में इस स्थान को इको-टूरिज्म और एडवेंचर हब के रूप में विकसित किया जाए, जिससे क्षेत्र में रोजगार, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण — तीनों को मज़बूती मिलेगी। इस आयोजन को सफल बनाने में वन विभाग का विशेष योगदान रहा।
इस अभियान में प्रज्वल गेडाम, संतु पटेल, अभिनव चंद्राकर, ऋषभ देशमुख, गुलशन चंद्रवंशी, सागर द्विवेदी, पीताम्बर यादव और लक्की सिन्हा
ने सहभागिता की।
पूरे ट्रेक में चंदू भंडारी ने ट्रेक लीडर के रूप में मार्गदर्शन किया।अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रकृति की स्वच्छता और संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।






