अंडा। ग्राम ओडारसकरी परिक्षेत्र में संत बाबा गाडगे धोबी समाज की बैठक में नए पदाधिकारियों का निर्वाचन संपन्न हुआ। ग्राम पंचायत देवरी (द) के पंच नीलकंठ निर्मलकर को सर्वसम्मति से परिक्षेत्र अध्यक्ष चुना गया। उनके साथ डोमन निर्मलकर (देवगहन) उपाध्यक्ष, कुंवरसिंह निर्मलकर (ओडारसकरी) सचिव तथा उमेश कुमार निर्मलकर (खुरसुनी) को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

निर्वाचन के उपरांत अध्यक्ष नीलकंठ निर्मलकर एवं समस्त नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस अवसर पर उपस्थित सामाजिक बंधुओं ने सभी पदाधिकारियों को बधाई दी और समाज हित में कार्य करने की अपेक्षा जताई।

अपने संबोधन में अध्यक्ष नीलकंठ निर्मलकर ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने और उसके समग्र उत्थान के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं बुराइयों को दूर करने का संकल्प लेते हुए कहा कि सभी सामाजिक बंधुओं के सहयोग से सकारात्मक बदलाव लाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि समाज अब केवल “बेटी-रोटी” तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और विकास के विभिन्न क्षेत्रों में भी सक्रिय भूमिका निभाएगा।
अंत में अध्यक्ष ने परिक्षेत्र के समस्त सामाजिक बंधुओं से समाज के विकास और एकजुटता के लिए सहयोग की अपील की।






