छुरिया (राजनांदगांव) | केशव साहू संवाददाता

NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन से पहले एक युवक पुतला उठाकर मौके से भाग निकला।

इसके बाद कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी हुई और पूर्व विधायक छन्नी साहू व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

कांग्रेस ने प्रदर्शन बाधित करने का आरोप लगाया, जबकि भाजपा ने जवाबी विरोध दर्ज कराया। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया। घटना दिनभर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।






