NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, 22 लाख छात्र फिर देंगे एग्जाम, पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच शुरू, नई तारीख का ऐलान जल्द


पाटन। देशभर के लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। 3 मई को आयोजित हुई NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द करने की घोषणा कर दी गई है। अब करीब 22 लाख परीक्षार्थियों को दोबारा परीक्षा देनी होगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) जल्द ही नई परीक्षा तारीख का ऐलान करेगी।
जानकारी के मुताबिक परीक्षा फीस वापस नहीं होगी, लेकिन छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। पुराने परीक्षा केंद्र ही यथावत रहेंगे और सेंटर में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि पेपर लीक का मामला राजस्थान के सीकर से सामने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान की एसओजी लगातार जांच में जुटी हुई है। सीकर के कई हॉस्टलों में छापामार कार्रवाई भी की गई है, जहां से 45 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार 8 मई को NTA ने पूरे मामले की जानकारी जांच एजेंसी को सौंप दी थी। अब केंद्र सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का निर्णय लिया है।
इधर, परीक्षा रद्द होने के विरोध और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर दिल्ली में शिक्षा मंत्रालय के सामने NSUI का प्रदर्शन लगातार जारी है।