सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी पड़ी भारी, करंट लगने से बिजली कंपनी के संविदा कर्मचारी की मौत, पूर्व सैनिक खेमलाल निर्मलकर एलटी लाइन पर कार्य के दौरान हादसे का शिकार; सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम चिचा में बुधवार दोपहर बिजली कंपनी के एलटी लाइन कार्य के दौरान करंट लगने से एक संविदा कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान जामुल निवासी खेमलाल निर्मलकर के रूप में हुई है, जो पूर्व सैनिक भी थे। हादसे के बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पाटन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन भेज दिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चिचा में एलटी लाइन पर कार्य चल रहा था। इसी दौरान खेमलाल निर्मलकर करंट की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है।

गौरतलब है कि दो दिन पहले ही समाचार पत्र में बिजली विभाग के कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर खबर प्रकाशित की गई थी, जिसमें बिना हेलमेट, बिना सेफ्टी बेल्ट और पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के मजदूरों से ऊंचाई पर कार्य कराए जाने का मामला उजागर किया गया था। इसके बावजूद विभाग और संबंधित ठेकेदार द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता नहीं बरती गई। अब करंट लगने से एक संविदा कर्मचारी की मौत ने कार्यस्थलों पर सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।