पाटन।
जनपद पंचायत पाटन के सभाकक्ष में श्री बजरंग कुमार दुबे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायतों में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि सप्ताह में तीन दिवस नोडल अधिकारी, पंचायत सचिव एवं आवास मित्र संयुक्त रूप से प्रधानमंत्री आवास निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा के भीतर 90 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत जियो-टैगिंग सहित समस्त निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं आवास मित्र की तय की गई। साथ ही लंबित जियो-टैगिंग कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत किसी हितग्राही की मृत्यु की स्थिति में संबंधित प्रकरण तत्काल ग्राम पंचायत स्तर पर तैयार कर पंचायत सचिव द्वारा शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जिन हितग्राहियों द्वारा निर्माण कार्य में रुचि नहीं ली जा रही है अथवा निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, उनके विरुद्ध आरआरसी प्रकरण दर्ज किया जाए। साथ ही अपूर्ण एवं प्रारंभ न किए गए निर्माण कार्यों के मामलों में राजस्व विभाग के माध्यम से वसूली की कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान मस्टर रोल जारी नहीं किए जाने एवं जियो-टैगिंग पूर्ण न होने पर संबंधित ग्राम पंचायतों के तकनीकी सहायकों, पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को नोटिस जारी करने तथा लापरवाही पाए जाने पर सेवा समाप्ति की कार्यवाही के निर्देश दिए गए।समीक्षा के दौरान मस्टर रोल जारी नही किया गया है, ग्राम पंचायत पहदा अ कु आभा नेताम तकनीकी सहायक, श्री तुमन सोनी सचिव, रोजगार सहायक श्री रोहित कुमार ठाकुर, भुनेन्द्र कुमार कम्प्युटर आपेरटर बलराम वर्मा कम्प्यूटर आपरेटर, ग्राम पंचायत बोरीद श्री भुनेशवार प्रसाद ठाकुर, आवास निर्माण पूर्ण जियो टैगिंग एवं मस्टर रोल जारह नही किया गया ग्राम पंचायत बोरवाय आकाश देवांगन तकनीकी सहायक श्री मनीश कुमार चतुवेदी, श्रीमित केसरी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया
समीक्षा बैठक में वर्ष 2025-26 के अंतर्गत प्रथम किस्त प्राप्त 302 अप्रारंभ निर्माण कार्यों, वित्तीय वर्ष 2024–25 द्वितीय किस्त प्राप्त 236 अपूर्ण निर्माण कार्यों, आवास प्लस 2.0 सर्वे अंतर्गत शेष 8069 प्रकरणों, लंबित जियो-टैगिंग, भूमिहीन हितग्राहियों के प्रकरणों तथा मुख्यमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
अटल डिजिटल सेवा सुविधा केंद्र के संचालन हेतु प्रत्येक ग्राम पंचायत भवन में वीएलई के माध्यम से एमओयू अनुसार सेवा केंद्र संचालन, वीएलई का नाम एवं मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने तथा महतारी वंदना योजना, मनरेगा मजदूरी भुगतान, विभिन्न पेंशन योजनाओं एवं एनआरएलएम ट्रांजैक्शन के कार्य करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत सचिवों को संपदा ऐप के माध्यम से ग्राम पंचायत की परिसंपत्तियों की प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के अंतर्गत आवारा पशुओं को हाईवे किनारे से हटाकर सुरक्षित स्थानों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही 15वें वित्त आयोग अंतर्गत स्वच्छता ग्रहियों की मानदेय राशि जारी करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पाटन, जिला समन्वयक (प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण), सहायक विकास विस्तार अधिकारी (एडीईओ), उप अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, रोजगार सहायक एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







