पाटन। जिला बेमेतरा में 31 अगस्त से 3 सितंबर तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में सेजेस कन्या पाटन की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में भारोत्तोलन के क्षेत्र में कु. नेहा साहू और कु. ललिता सपहा ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया।

कक्षा 12वीं कला संकाय की छात्रा कु. नेहा साहू, पिता श्री चंद्रसेन साहू ने 63 किलोग्राम भार वर्ग में 95 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं कक्षा 12वीं कला संकाय की ही छात्रा कु. ललिता सपहा, पिता श्री अमर सिंह ने 69 किलोग्राम भार वर्ग में 71 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया।

दोनों खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अब राष्ट्रीय स्तर की शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जिसका आयोजन दिल्ली में किया जाएगा।

छात्राओं की इस उपलब्धि से सेजेस कन्या पाटन के शाला परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के प्राचार्य श्री पी.एल. सिन्हा सहित समस्त शाला परिवार ने दोनों छात्राओं को शानदार सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है।






