रायपुर। मुख्यमंत्री सरकार ने विभिन्न निगम, मंडल और आयोगों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति करते हुए नई सूची जारी की है। इस सूची में राज्य महिला आयोग, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड, अनुसूचित जाति आयोग, मछुआ कल्याण बोर्ड, संस्कृत विद्या मंडल, शाकंभरी बोर्ड सहित कई संस्थाओं में जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार, डॉ. ममता साहू को राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। गौरीशंकर श्रीवास को केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष तथा देव शरण सेन को सदस्य बनाया गया है।
छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग में रामलाल चौहान को अध्यक्ष, वेदराम मनहरे को उपाध्यक्ष तथा सौरभ सिंह जागृत, दुर्गा महेश्वर और दयावंत बांधे को सदस्य नियुक्त किया गया है।
छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड में आनंद निषाद को अध्यक्ष एवं नेतराम निषाद को सदस्य बनाया गया है। छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडल, रायपुर में राजेश कुमार राजपूत को अध्यक्ष तथा सुमन मुथा को सदस्य नियुक्त किया गया है।
शाकंभरी बोर्ड में राजेंद्र कुमार नायक को अध्यक्ष तथा बसंत पटेल, प्रेमलाल पटेल, संतोष पटेल और प्रेम पटेल को सदस्य बनाया गया है।
इसके अलावा, सुधीर गौतम को छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग का अध्यक्ष, मनमथ नाथ शर्मा को राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग का सदस्य, प्रसन्ना अवस्थी को छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम का सदस्य, जेपी शर्मा को रायपुर विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष, किशोर महानंद को छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल का उपाध्यक्ष, आनंद कुमार तिवारी को गौ सेवा आयोग का उपाध्यक्ष तथा मंगल दास ठाकुर को छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
सरकार की इन नियुक्तियों को विभिन्न सामाजिक एवं प्रशासनिक संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका







