पांडातराई महाविद्यालय में एबीवीपी की नवीन कार्यकारिणी घोषित, गोपाल बने महाविद्यालय अध्यक्ष


पंडरिया।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई पांडातराई द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय महाविद्यालय पांडातराई में महाविद्यालय कार्यकारिणी घोषणा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। इस अवसर पर नवीन महाविद्यालय कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए गोपाल को महाविद्यालय अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। साथ ही महाविद्यालय उपाध्यक्ष युगल सोनी गणेश साहू, महाविद्यालय मंत्री संतराम, सहमंत्री देव प्रेम साहू देव साहू नरेंद्र यादव, सोशल मीडिया प्रमुख जितेंद्र साहू छात्रा प्रमुख मुकेश्वरी, अंशु साहू खेलो भारत प्रमुख सुनील मारकंडे सहित विभिन्न दायित्वों पर विद्यार्थियों को नवीन जिम्मेदारियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तुषार चंद्रवंशी (स्थाई कार्यकर्ता) एवं मुख्य वक्ता के रूप में तुलसी यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि तुषार चंद्रवंशी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल शिक्षा और डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यही जीवन व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी सीखने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों को एक ऐसा मंच प्रदान करती है, जहां वे अपने विचारों को अभिव्यक्त करने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझते हैं। नवीन कार्यकारिणी के सभी दायित्ववान कार्यकर्ताओं से अपेक्षा है कि वे विद्यार्थियों की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
मुख्य वक्ता तुलसी यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक संगठन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला है। परिषद में कार्यकर्ता केवल सदस्यता के माध्यम से ही नहीं, बल्कि विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों, सामाजिक कार्यों और छात्रहित के आंदोलनों के माध्यम से भी जुड़ते हैं। संगठन की सबसे बड़ी विशेषता है कि यह सामान्य विद्यार्थी के भीतर छिपी नेतृत्व क्षमता को पहचानकर उसे जिम्मेदारी निभाने का अवसर देता है। किसी कार्यकर्ता को दायित्ववान बनाना, उसे समाज के प्रति संवेदनशील बनाना और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देना परिषद की कार्यपद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने आगे कहा कि महाविद्यालय की यह नवीन कार्यकारिणी केवल पदों की घोषणा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के बीच एक नई जिम्मेदारी और नए संकल्प की शुरुआत है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि महाविद्यालय का प्रत्येक विद्यार्थी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो तथा शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रहित के कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। ज्ञान, शील और एकता केवल संगठन का मंत्र नहीं, बल्कि एक आदर्श विद्यार्थी के जीवन का आधार है।
नगर मंत्री हिरेंद्र बघेल ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं समस्त कार्यकर्ताओं का हृदय से धन्यवाद। नवीन कार्यकारिणी के गठन से महाविद्यालय परिसर में संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई पांडातराई विद्यार्थियों की समस्याओं, शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं छात्रहित के विषयों को लेकर सदैव सक्रिय रहेगी। हम सभी मिलकर संगठन की विचारधारा को प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुंचाने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के कार्यों को और अधिक मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अजय साहू, ईश्वरी साहू अजय चंद्रवंशी कालेश्वर निर्मलकर खेमलाल साहू प्रियंका चंद्रवंशी अनु साहू वीरेंद्र निर्मलकर सहित अन्य प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।