दल्लीराजहरा में नई CMO के सख्त तेवर, कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश, अध्यक्ष के साथ पालिका के अधिकारियों कर्मचारियों की ली बैठक


दल्लीराजहरा। नगर पालिका में पदभार संभालते ही मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीमा बक्शी ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू के कक्ष में आयोजित परिचय एवं समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि आम जनता और जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित और सकारात्मक समाधान किया जाए।
बैठक में सीएमओ ने सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए स्वास्थ्य विभाग को शहर के सभी वार्डों, चौक-चौराहों, बाजारों, सड़कों और नालियों की नियमित साफ-सफाई एवं दवाई छिड़काव के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने और पेयजल संकट को देखते हुए अग्रिम योजना तैयार करने को कहा।
राजस्व वसूली कम होने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित प्रभारी को वसूली प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए। शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए समन्वय बनाकर कार्य करने पर भी जोर दिया गया।
सीएमओ ने निर्माण एवं विकास कार्यों की सतत निगरानी करते हुए उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं पेंशन से जुड़े प्रकरणों को लंबित न रखने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यालय में आने वाले दिव्यांग एवं बुजुर्गों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। इसके अलावा जनगणना की प्रगति की समीक्षा भी किया।
बैठक में कार्यपालन अभियंता नित्यानंद उपाध्याय, उप अभियंता शाहबाज खान, स्वास्थ्य अधिकारी रामगोपाल चंद्राकर सहित नगर पालिका के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।