सरगुजा में उरांव समाज की नई कार्यकारिणी का गठन, जगदेव भगत को मिली छत्तीसगढ़ राज्य इकाई के प्रमुख की जिम्मेदारी

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में आदिवासी उरांव समाज को संगठित करने और सामाजिक एकजुटता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का मनोनयन किया गया। राजी पड़हा भारत के देवान विनोद भगत के आह्वान पर पादा पड़हा छत्तीसगढ़ की नवमनोनित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जगदेव भगत को छत्तीसगढ़ राज्य इकाई के प्रमुख (बेल) पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। यह मनोनयन राजी पड़हा भारत, मुली पड़हा सीतापुर एवं पादा पड़हा छत्तीसगढ़, उरांव समाज के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

शपथ ग्रहण करते समाज के पदाधिकारी

समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि आदिवासी उरांव समाज अपनी सामाजिक एकता को मजबूत करने और समाज के लोगों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। समाज का उद्देश्य शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और विभिन्न क्षेत्रों में आदिवासियों की भागीदारी बढ़ाकर उनकी पहचान को मजबूत करना है।

समाज से जुड़े लोगों को साथ लाने की पहल

पदाधिकारियों के अनुसार, समाज से दूर हुए और धर्मांतरित लोगों को भी सामाजिक रूप से साथ लाने के लिए पहल की जा रही है। संगठन का कहना है कि समाज के सभी लोगों को एकजुट कर आपसी समन्वय और सहयोग को बढ़ावा देना आवश्यक है।नई कार्यकारिणी के माध्यम से संगठन का उद्देश्य आदिवासी समाज के उत्थान, सामाजिक एकता और सामुदायिक गतिविधियों को गति देना है। पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से एकजुट होकर सामाजिक विकास के कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया।